“मुझे किसी और के पैमानों के हिसाब से बेहतर क्यों होना चाहिए?”: गिरीश कासरवल्ली ने इफ्फी 57 में सांस्कृतिक प्रमाणिकता की वकालत की
गिरीश कासरवल्ली के लिए सिनेमा केवल कहानियां सुनाने की कला नहीं है, बल्कि यह उन कहानियों का सामना करने का साहस है, जिन्हें समाज देखने से इनकार कर देता है। जाति और सामाजिक पदानुक्रम से लेकर धार्मिक वर्चस्व और कमजोर समुदायों को हाशिए पर धकेलने तक, 'दूसरों को अलग मानने' की प्रक्रिया उनके पांच दशक लंबे सिनेमाई सफर में हमेशा से एक अहम विषय रही है। गोवा की कला अकादमी में आज, भारत के 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान आयोजित 'इन कन्वर्सेशन' सत्र- 'द मोरल यूनिवर्स ऑफ पैरेलल सिनेमा: 50 इयर्स ऑफ गिरीश कासरवल्ली' में इसी विचारधारा पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।
1977 में अपनी पहली फिल्म घटश्रद्धा से लेकर तबरना कथे, थायी साहेबा और द्वीपा जैसी प्रशंसित फिल्मों तक के अपने शानदार सिनेमाई सफर को याद करते हुए, कन्नड़ सिनेमा के इस दिग्गज और 14 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाले फिल्मकार ने कमर्शियल और आर्ट-हाउस सिनेमा के बीच के पारंपरिक विभाजन को चुनौती दी।
