“हास्य जीवन को देखने का एक बुद्धिमत्तापूर्ण नजरिया है”: स्पेन की फिल्म ‘लुकिंग फॉर माइकल’ का 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ
जब जीवन की कठिनाइयों का सामना मुस्कान के साथ किया जाए, तो क्या होता है? स्पेन की वर्ष 2026 की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘लुकिंग फॉर माइकल’ (पर्सिगिएंदो ए माइकल), जिसका निर्देशन जुआना मैकियास ने किया है, साहस, दोस्ती और विपरीत परिस्थितियों में हौसला बनाए रखने की भावना को एक दिल छू लेने वाली कहानी के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इस फिल्म का आज गोवा के पणजी में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में विश्व प्रीमियर हुआ।
यह फिल्म सोनिया नाम की एक युवती की कहानी है, जिसे पार्किंसन रोग होने का पता चलता है। वह इस चुनौती का सामना हिम्मत और जीवन को नए नजरिए से देखने के संकल्प के साथ करने का फैसला करती है। अपने म्यूजिक थेरेपी ग्रुप के सदस्यों का साथ मिलने पर, जो स्वयं भी इस बीमारी से जूझ रहे हैं, वह प्रसिद्ध अभिनेता माइकल जे. फॉक्स से मिलने की यात्रा पर निकल पड़ती है। माइकल जे. फॉक्स सार्वजनिक रूप से पार्किंसन रोग के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करते रहे हैं।
