प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रथम एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने गणमान्य व्यक्तियों, एससीओ के सदस्य देशों के मंत्रियों, राजदूतों, उच्चायुक्तों, विद्वानों, कलाकारों और अतिथियों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे समय में, जब वैश्विक चर्चाओं में युद्ध और अशांति का मुद्दा प्रमुखता से छाया हुआ है, सभ्यतागत संबंधों पर संवाद का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वैश्विक शांति के लिए सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव ही हैं। उन्होंने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन की 25वीं वर्षगांठ तथा सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संपर्क के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग की पृष्ठभूमि में इस संवाद का आयोजन और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। श्री मोदी ने कहा, “हमारे साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
