चिंतन शिविर में हुए विचार-विमर्श से माननीय प्रधानमंत्री के सशक्त श्रम शक्ति और विकसित भारत के विज़न को साकार करने की दिशा में प्रगति को गति मिलेगी: केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया
श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात के गांधीनगर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम एवं रोजगार मंत्रियों के दो दिवसीय चिंतन शिविर के दूसरे दिन भारत के श्रम एवं रोजगार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से कई तरह की पहलों का शुभारंभ किया। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा 21-22 नवंबर, 2026 को आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
डॉ. मनसुख मांडविया ने ई-श्रम आजीविका प्रोफाइल मॉड्यूल के साथ-साथ वॉयस बॉट, चैट बॉट और व्यावसायिक कमी सूचकांक (ओएसआई) जैसी नई सुविधाओं वाले राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) वन पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया।
