श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित शबद कीर्तन में प्रधानमंत्री के संबोधन मूल का पाठ
गुरु प्यारी साध संगत जी, वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह!
सिख समाज के पूज्य संतगण, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी, दिल्ली की मुख्यमंत्री बहन रेखा गुप्ता जी, संसद में मेरे साथी गण, दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री महोदय, अन्य सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों,
मैं इस पवित्र वातावरण में गुरु नानक देव जी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूँ। मैं सभी देशवासियों को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां देता हूं। गुरु पूरब के इस पावन पर्व पर मुझे शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर देने के लिए मैं तरनजीत सिंह संधू जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
गुरुवाणी का एक-एक शब्द, कीर्तन की एक-एक धुन, ये केवल संगीत नहीं है। ये अपने आप में एक साधना है। ये ज्ञान के सागर में गोता लगाने जैसा है और इसलिए, जब मुझे ऐसे आयोजन के लिए बुलावा आता है, जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं संगत और कीर्तन में जरूर उपस्थित होता हूँ।
गुरु नानक देव जी कहा करते थे- किरत करो, वंड छको, नाम जपो। ये मेरे जीवन का सहज हिस्सा रहा है।
