राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के फरीदाबाद में अस्पताल कर्मचारियों द्वारा शव वाहन उपलब्ध न कराए जाने के कारण एक महिला और उसकी बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कचरा वाहन में ले जाए जाने की घटना
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित सिविल अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम जांच के लिए एक महिला और उसकी बेटी के शवों को एक अस्पताल से कचरा वाहन में ले जाया गया। 14 नवंबर, 2026 को फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में एक सड़क दुर्घटना में लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके परिवार के सदस्यों को शव ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया।
आयोग ने टिप्पणी की है कि यदि मीडिया रिपोर्ट की बातें सच हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और मानवीय गरिमा का अधिकार मृतकों पर भी लागू होता है। इसके तहत अधिकारियों और संस्थानों के लिए शवों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना आवश्यक है। आयोग ने इसके अनुपालन के लिए 14 मई, 2021 को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस संबंध में एक परामर्श भी जारी किया था।
