केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 'विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 2026' मनाया, AMR के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में 'विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026' के राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ किया। सप्ताह भर चलने वाला यह आयोजन जनस्वास्थ्य के सामने मौजूद सबसे गंभीर खतरों में से एक रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध के बढ़ते खतरे की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इसे वर्तमान समय की सबसे गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जिन दवाओं ने अनगिनत लोगों की जान बचाई है, उनका अनुचित और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल होने के कारण प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। उन्होंने आगाह किया कि यदि इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो एएमआर चिकित्सा के क्षेत्र में दशकों की प्रगति को कमजोर कर सकता है।
