केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग के कुर्सियांग में चाय उद्योग के हितधारकों के साथ संवाद की अध्यक्षता की
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भारतीय चाय बोर्ड द्वारा पश्चिम बंगाल के कुर्सियांग में आयोजित चाय उद्योग के हितधारकों के साथ संवाद की अध्यक्षता की। इस बैठक में दार्जिलिंग के सांसद श्री राजू बिष्ट और कुर्सियांग के विधायक श्री सोनम लामा भी उपस्थित रहे।
इस संवाद में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न चाय संघों के प्रतिनिधियों और भारतीय चाय उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। इस बैठक में भारतीय चाय क्षेत्र की दीर्घकालिक वृद्धि, स्थिरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख चुनौतियों, उभरते अवसरों और आवश्यक उपायों के बारे में रचनात्मक विचार-विमर्श किया गया।
भारत विश्व में काली चाय का सबसे बड़ा उत्पादक और चाय का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना हुआ है।
