देश की धरती से वैश्विक बाजारों तक फूलों का सफर
भारत असाधारण प्राकृतिक विविधता वाला देश है, जहां बर्फ से ढके पर्वतों और उपजाऊ मैदानों से लेकर शुष्क रेगिस्तानों और लंबी तटरेखाओं तक विभिन्न प्रकार की भौगोलिक परिस्थितियां मौजूद हैं। यहां की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियां विभिन्न क्षेत्रों और मौसमों में खिलने वाले अनेक प्रकार के फूलों की खेती के लिए अनुकूल हैं। भारत में फूलों के गहरे सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भावनात्मक महत्व के साथ मिलकर इन प्राकृतिक विशेषताओं ने फूलों की खेती के विकास को बढ़ावा दिया है।
इसकी आर्थिक और सौंदर्यपरक संभावनाओं को पहचानते हुए, सरकार ने फूलों की खेती को “उदीयमान उद्योग” के रूप में चिह्नित किया है। भारतीय कृषि में कभी अपेक्षाकृत सीमित दायरे वाला यह क्षेत्र अब बागवानी क्षेत्र के एक गतिशील हिस्से के रूप में विकसित हो चुका है। यह क्षेत्र किसानों की आय, कृषि निर्यात और ग्रामीण उद्यमों के विकास में योगदान दे रहा है तथा आधुनिक खेती की पद्धतियों और प्रौद्योगिकियों को तेजी से अपना रहा है।
