गरीबी उन्मूलन में कृषि व ग्रामीण विकास की भूमिका पर दोनों मंत्रालयों की संयुक्त कार्यशाला केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में दिल्ली में संपन्न
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में अभूतपूर्व, अकल्पनीय और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर मात्र 2.6 प्रतिशत रह गई है। इस असाधारण उपलब्धि में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), भूमि संसाधन (DoLR) तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के योगदान पर मंथन करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए आज नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस संयुक्त कार्यशाला में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने भी सहभागिता की।
