किसान तक भारत कृषि सम्मेलन में प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ
आप सबको भी दीपावली के इस पावन पर्व की और छठी मैया का भी कार्यक्रम होने जा रहा है, उन सबके लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सबको नमस्कार।
इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ श्रीमान अरुण पुरी जी, इस कार्यक्रम में देशभर से आए कृषि वैज्ञानिक, कृषि उद्यमी, अन्नदाता साथी, अन्य महानुभाव देवियों और सज्जनों।
सबसे पहले इस अभिनव प्रयास के लिए मैं इंडिया टुडे ग्रुप का हृदय से अभिनंदन करता हूं। जब देश ने स्वच्छता का अभियान शुरू किया था, तो इंडिया टुडे ग्रुप ने इसमें काफी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। अब ये ‘किसान मेला’ आपने आयोजित किया है, और पूरे 2 दिन इसके लिए समर्पित किए हैं, ये एक बहुत सकारात्मक शुरुआत है। मैं आप सभी को बधाई देता हूं, और अरुण जी इतनी बढ़िया हिंदी बोलते हैं, इसकी डबल बधाई।
ये आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश में उत्सवों का माहौल है। दो-तीन दिन पहले हमने दीपावली का त्योहार मनाया, अब छठ महापर्व की छठा छाई है।
