डॉ. पी. के. मिश्रा ने पीपीवीएफआरए के 22वें स्थापना दिवस और प्लांट जीनोम सेवियर पुरस्कार समारोह को संबोधित किया
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा ने आज किसानों को भारत की कृषि जैव विविधता के संरक्षक और नवाचारी के रूप में मान्यता देने तथा उनके पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान, बीज प्रणाली और बाजार के अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया। पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण- पीपीवीएफआरए के 22वें स्थापना दिवस और प्लांट जीनोम सेवियर पुरस्कार समारोह में डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह अवसर पौधा किस्म और कृषक अधिकार अधिनियम, 2001 के 25 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध कृषि जैव विविधता जलवायु परिवर्तन, पानी की कमी, कीटों और बीमारियों का सामना करने में सक्षम फसलें विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे पारंपरिक ज्ञान, खाद्य संस्कृति और समुदायों की आजीविका को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने भारत के 22 कृषि जैव विविधता वाले क्षेत्रों का उल्लेख किया।
