बिहार के वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन और अन्य विकास परियोजनाओं की शुरुआत के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का पाठ
मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ महानुभाव, यहां इतनी विशाल संख्या में पधारे बिहार के मेरे प्यारे भाईयों और बहनों। मैं यहां मुख्यमंत्री जी का और एनडीए के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूँ, कि मुझे आप सबके बीच से गुजरने का मौका मिला, आप सबके दर्शन करने का मौका मिला, आप सबको प्रणाम करने का अवसर मिला। इतना विशाल जन समुदाय, मैं नहीं मानता हूँ ये कैमरा में कैद हो पाएगा। इतना बड़ा जन समुदाय। विकास के प्रति जागृति का ये जीता जागता सबूत है।
लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत करके, परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मईया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं।
बिहार की इस विकास यात्रा में हम सबका साथ - सबका विकास का मंत्र लेकर के आगे बढ़े हैं। हमने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। और इसलिए आज हम एनडीए सरकार, इस कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है।
