सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (एमओएसजेई) और रक्षा मंत्रालय ने देशभर के छावनी क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को सुदृढ़ करने के लिए हाथ मिलाया
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (डीओएसजेई) ने आज यहां राष्ट्रीय राजधानी में रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा महानिदेशालय (डीजीडीई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य छावनी क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं उनके समग्र हितों को सुदृढ़ करना है।
इस समझौता ज्ञापन पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव श्री सुधांश पंत, रक्षा संपदा महानिदेशक श्रीमती शोभा गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री सजेश कुमार एन तथा दोनों मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
