केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने पुणे स्थित केंद्रीय सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (CRCS) के क्षेत्रीय कार्यालय का दौरा कर कामकाज एवं विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा की
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन के अनुरूप केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारी क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही, सुशासन और संस्थागत सुदृढ़ीकरण को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी दिशा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के पुणे स्थित केंद्रीय सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (CRCS) के क्षेत्रीय कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों के साथ संवाद किया तथा बहु-राज्य सहकारी समितियों के पंजीकरण, विनियमन, निगरानी और विभिन्न सुधारात्मक पहलों की प्रगति की समीक्षा की। श्री अमित शाह ने विशेष रूप से महाराष्ट्र में सहकारी समितियों के कामकाज, उनके पंजीकरण की स्थिति तथा नियामकीय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
