गुजरात के एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता हुई प्रदर्शित
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा गुजरात पर्यटन के साथ साझेदारी में तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ गुजरात के एकता नगर में जारी है। यह ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की एकता की भावना को दर्शाने वाली थीम के अंतर्गत भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और विविधता का उत्सव है। इस पर्व का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 30 अक्टूबर, 2026 को किया था। यह उत्सव 15 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगा।
यह उत्सव देशभर की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, क्षेत्रीय व्यंजनों, लोक परंपराओं, संगीत, नृत्य और स्वदेशी शिल्प कौशल को एक मंच पर प्रस्तुत करता है। इसके माध्यम से आगंतुकों को एक ही स्थान पर भारत की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव करने का अवसर मिलता है।
‘भारत पर्व’ का एक प्रमुख आकर्षण थीम पवेलियन है, जिसमें 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ तथा केंद्रीय कुटीर उद्योगों की भागीदारी है।
