दिल्ली में FICCI की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ
नमस्कार। FICCI के प्रेसिडेंट भाई अनंत गोयनका जी, FICCI के मेंबर्स, इंडस्ट्री लीडर्स, इनोवेटर्स, देवियों और सज्जनों।
इससे पहले मुझे कई बार FICCI से जुड़े कार्यकर्मों में आने का और उसका हिस्सा बनने का अवसर मिला है। लेकिन आज का अवसर जरा विशेष है। FICCI अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। एक संस्था का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहना, ये बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं इस अवसर पर इस संस्था का हिस्सा रहे अतीत और वर्तमान के सभी साथियों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, और आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
बीते 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। हमने लाइसेंस कोटा राज भी देखा, nationalisation का असफल प्रयोग भी देखा और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा भी समय आया, जब भारत की इकॉनमी को 'फ्रेजाइल फाइव' (Fragile Five) में गिना जाने लगा।
