केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 का उद्घाटन किया
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय व्यवसायों, निर्माताओं, निर्यातकों, कारीगरों एवं उद्यमियों से आह्वान किया कि वे भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से प्राप्त होने वाले अवसरों का लाभ उठाएं और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति का विस्तार करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित दुनिया के बाजारों में भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए मार्ग खुलने के साथ, व्यवसायों को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में अपना योगदान देना चाहिए।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने बताया कि अक्टूबर 2026 में भारत का निर्यात अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर लगभग 90 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इसमें लगभग 50 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात एवं 40 अरब डॉलर का सेवा निर्यात शामिल है।
