भारत और म्यांमार के रक्षा बलों के बीच 5 और 6 नवंबर, 2026 को आयोजित प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ का चेन्नई में सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिवसीय इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों के साथ म्यांमार रक्षा बलों के एक दल ने भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य परिचालनात्मक अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, समन्वय में सुधार करना तथा आपदा प्रतिक्रिया अभियानों में बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना था।

अभ्यास की शुरुआत संयुक्त योजना निर्माण और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं से परिचित कराने पर केंद्रित रही। एक भीषण चक्रवात की स्थिति पर आधारित टेबल-टॉप अभ्यास के माध्यम से समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र और संयुक्त आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल पर चर्चा की गई। भाग लेने वाले दलों ने भारतीय थल सेना द्वारा बाधाओं को हटाने और पुल निर्माण की क्षमताओं का प्रदर्शन भी देखा।

स्रोत: PIB Press Releases — https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2334325