भारत जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 12–13 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा
जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 12–13 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के सिल्वर ओक में दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य भारत की समृद्ध एवं विविध जनजातीय साहित्यिक परंपराओं के उत्सव के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, स्वदेशी भाषाओं और मौखिक कथाओं को बढ़ावा देना तथा जनजातीय लेखकों, कवियों, कहानीकारों और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षकों के योगदान को मान्यता देना है। उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग के माननीय सदस्य डॉ. जोरम अनिया, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष श्री चामू कृष्ण शास्त्री तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
यह महोत्सव माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन के अनुरूप है।
