अंताल्या (तुर्किए) में आयोजित यूएनएफसीसीसी कॉप31 में केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री ने कहा: बिग कैट्स का संरक्षण जलवायु परिवर्तन के शमन का एक सशक्त माध्यम बन सकता है
केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने आज ‘बिग कैट्स: जलवायु परिवर्तन के शमन के प्रेरक’ विषय पर आयोजित उच्चस्तरीय मंत्रिस्तरीय सह-कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन के शमन को आगे बढ़ाने और पारिस्थितिकी तंत्र की सुदृढ़ता बढ़ाने में बिग कैट्स के संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय बिग कैट्स गठबंधन(आईबीसीए) द्वारा संयुक्त रूप से तुर्किए के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन(कॉप31) के दौरान किया गया। इस कार्यक्रम में नेपाल, वेनेजुएला, कंबोडिया और श्रीलंका जैसे बिग कैट्स के प्राकृतिक आवास वाले देशों के मंत्रियों एवं प्रतिनिधियों के साथ-साथ रामसर कन्वेंशन और यूएनसीसीडी जैसे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
